उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी

Share this post on:

लखनऊ, 09 अगस्त(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय चुनाव समिति ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य को महाराष्ट्र में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए सह प्रभारी बनाया है।  

उन्हें महाराष्ट्र ​विधानसभा चुनाव में सहप्रभारी बनाए जाने पर भाजपा और हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुये प्रसन्नता व्यक्त की है। केशव मौर्य को कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों की ओर से सोशल मीडिया पर बधाईयां भी मिलनी शुरु हो गई है।  

 गौरतलब है कि केशव प्रसाद मौर्य श्रीराम मंदिर आन्दोलन के उपज हैं। वे लम्बे समय तक विश्व हिन्दू परिषद से जुड़े रहे। ​विहिप के अन्तर-राष्ट्रीय अध्यक्ष स्व.अशोक सिंघल जी के बेहद करीबियों में से एक हैं। इनकी पहचान फायर ब्राण्ड हिन्दू नेता के रूप में है। यह अपनी भाषण की शुरूआत और समापन ‘जय श्रीराम और भारत माता की जय’ से करते हैं।

भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि केशव जी एक कुशल संगठनकर्ता हैं। उनके महाराष्ट्र के सह प्रभारी बनाए जाने से निश्चित रुप से वहां का चुनाव भाजपा भारी मतों से जीतेगी। केशव जी उत्तर प्रदेश के ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों में भी लोकप्रिय नेता के रुप में जाने जाते हैं। पिछले दिनों लोकसभा चुनाव में उनके कई कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के बाहर लगाये गये थे। 

कन्नौज के हिन्दू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष आशु तिवारी ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का सह प्रभारी केशव जी को बनाया गया है, यह कार्यकर्ताओं के लिए खुशी की बात है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी को हिंदू जागरण मंच की तरफ से हार्दिक हार्दिक शुभकामनाएं। 

युवा मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी धनंजय शुक्ला और प्रदेश कार्यकारिणी के तमाम नेताओं ने कहा कि केशव मौर्य हम युवाओं के नेता हैं और उनके भाषण से जोश भर जाता है। महाराष्ट्र में नौजवानों को उनके साथ कार्य करने का मौका है और विधानसभा चुनाव जीत की जिम्मेदारी में वहां के नौजवान भी शामिल हो, अपनी भूमिका निभायें। 

 उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने संगठनात्मक नियुक्ति की है, इसमें चुनाव प्रभारी के रुप में राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव और सह प्रभारियों के रुप में उप्र के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व कर्नाटक के पूर्व विधायक लक्ष्मण सादवी का नाम तय किया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Captcha loading...