समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हाथ में बंदूक लेकर नहीं निकले-अनुराग भदौरिया

Share this post on:

लखनऊ, 09 अगस्त(हि.स.)। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यकारिणी की ओर से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च में शामिल प्रदेश प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने कहा कि समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता अपनी बात करने निकला है। कार्यकर्ता अपने हाथ में बंदूक लेकर नहीं, बल्कि माइक लेकर अपनी बात करने निकला है। 

 उल्लेखनीय है कि भारत छोड़ो आन्दोलन की 77वीं वर्षगांठ पर समाजवादी पार्टी की ओर से पूरे प्रदेश में केन्द्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ 25 सूत्रीय मांगों को लेकर सपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर सड़क पर उतरे हैं।  

अनुराग भदौरिया ने कहा कि 25 सूत्रीय अपनी मांगों को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता आज सड़क पर निकला है। वह जनता को एहसास दिलाना चाहता है कि प्रदेश सरकार और केन्द्र सरकार की नीतियां जनता के विरोधी है। जनता के हित में नहीं है। निर्णय जनता के विपरीत है। जो भी कार्यशैली सरकारों की है, वह जनता के लाभप्रद नहीं है। 

उन्होंने कहा कि उन्नाव रेप पीड़ित को भाजपा की सरकार में न्याय नहीं मिल रहा है। रायबरेली में हादसा हो जा रहा है। जांच के लिए सीबीआई को लगानी पड़ रही है। उनकी भी गति बेहद संतोषजनक नहीं है। जांच के बाद पीड़ित युवती को न्याय मिलेगा या नहीं, यह कहना भी मुश्किल है। समाजवादी पार्टी रेप पीड़ित युवती और उसके परिवार के लोगों के साथ खड़ी है। हर कोशिश कर मदद की गई है। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार में नौजवानों को रोजगार देने की बात की जा रही है। आज नौजवानों को रोजगार चाहिए लेकिन यह सरकार केवल बात कर रही है। कोई रास्ता नहीं है, जिससे ये रोजगार पैदा करें और नौजवानों को बड़ी संख्या में उससे जोड़े। यह सरकार के मुखिया और लोग केवल जनता को गुमराह करने में जुटे हुए है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Captcha loading...