भू-माफियाओं को जड़ से उखाड़ फेंकने को संकल्पित है योगी सरकार: भाजपा

Share this post on:

लखनऊ, 23 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही प्रदेश सरकार भू-माफियाओं पर कहर बनकर टूट रही है। सपा और बसपा की सरकारों में गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने की नीति के चलते गली-गली में भू-माफिया पनप गए थे। इसकी तस्दीक राजस्व विभाग के भू-माफिया पोर्टल से की जा सकती है। 

प्रदेश पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंगलवार को प्रदेश प्रवक्ता डा. चन्द्रमोहन ने कहा कि मार्च 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद से प्रदेश में जमीनों को अवैध ढंग से कब्जा कराने की कुल 2.64 लाख शिकायतें दर्ज की गई थीं। अभियान चलाकर इन शिकायतों का 90 फीसदी निस्तारण किया गया और अब केवल 2300 शिकायतें ही शेष रह गई हैं। 160 भू-माफियाओं को जेल में भेजा जा चुका गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना किसी दबाव के बड़े भू-माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दे रखे हैं। 

प्रदेश प्रवक्ता डा. चन्द्रमोहन ने कहा कि यही वजह है कि जांच में दोषी पाए गए सपा के वरिष्ठ नेता और सांसद आजम खान पर भी कार्रवाई हुई है। प्रयागराज के सबसे बड़े भू-माफिया अतीक अहमद से कब्जे से जमीनें छुड़वाई गई हैं। यह कुछ मामले वे हैं जिन्हें पिछली सरकारों में जमीन पर कब्जे करने की खुली छूट मिली हुई थी। मुख्यमंत्री योगी जी स्वयं प्रदेश में भू-माफियाओं पर हो रही कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। 

डा. चन्द्रमोहन ने कहा कि सरकार ने हर जिले में भू-माफियाओं की सूची बनाकर उनपर एक समय सीमा के भीतर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दे रखा है। यह पहली बार है कि जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों पर 22 हजार से अधिक राजस्व वाद दर्ज हुए हैं। अब गरीबों को उनकी जमीन से कोई अलग नहीं कर सकता। प्रदेश सरकार हर हाल में भू-माफियाओं को जड़ से उखाड़ फेंकने का संकल्प ले चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Captcha loading...