रैलियों का शुक्रवार: मोदी उत्तर प्रदेश तो राहुल करेंगे महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार

Share this post on:

नई दिल्ली, (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के महासमर में आज रैलियों का शुक्रवार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी महाराष्ट्र में और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह आज पूर्वोत्तर में कई चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा शुक्रवार की दोपहर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गाजियाबाद में रोड शो करेंगी।
लोकसभा चुनावों के लिए पार्टियों का प्रचार अभियान पूरे जोर-शोर से जारी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले कुछ दिनों में ताबड़तोड़ रैलियां की हैं। अन्य दलों के नेता भी चुनावी सभाओं में खासे सक्रिय नजर आ रहे हैं। पिछले दिनों एनडीए और यूपीए के नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर हमले किए हैं और यह सिलसिला आगे भी यूं ही जारी रह सकता है। इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश के दो जिलों में रैलियां करेंगे तो कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी महाराष्ट्र के पुणे में छात्रों से बात करेंगे।
11 अप्रैल को देश के 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान होगा। इस तरह प्रथम चरण के मतदान में अब कुछ ही दिन बचे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रहेंगी। दोपहर करीब तीन बजे वह यहां मेगा रोड शो करेंगी। उससे पहले दूधेश्वर महादेव मंदिर में माथा टेकेंगी। गाजियाबाद से भाजपा के केंद्रीय मंत्री वीके सिंह सांसद हैं और कांग्रेस की ओर से इस बार डॉली शर्मा यहां से चुनावी मैदान में हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मिशन-2019 के मद्देनजर शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे यहां अमरोहा और सहारनपुर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सहारनपुर में 11 अप्रैल को अमरोहा में 18 अप्रैल को मतदान होना है। मोदी के निशाने पर खासकर समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन होगा। इे भी प्रधानमंत्री जब यूपी के मेरठ की में रैली में आए थे तो उनके निशाने पर यही गठबंधन था और उन्होंने इस गठबंधन को ‘सराब’ (श्राप) कहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Captcha loading...