इलाहाबाद विश्वविद्याल के रक्षा विभाग के प्रोफेसर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Share this post on:
प्रोफेसर संजीव भदौरिया [फाइल फोटो]

प्रयागराज, 02 अक्टूबर (हि.स.)। नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के रामबाग में इलाहाबाद विश्वविद्याल के प्रोफेसर ने बुधवार दोपहर घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर सक्रिय पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या की वजह बीमारी बताया जा रहा है।

केन्द्रीय विश्वविद्यालय इलाहाबाद के रक्षा और सामरिक अध्ययन विभाग के प्रमुख डॉ.संजीव भदौरिया 58 वर्ष पुत्र रूपेन्द्र नारायण सिंह अपने परिवार के साथ रामबाग स्थित अपने आवास में रहते थे। बताया जा रहा है कि विगत काफी दिनों से वह कई बीमारियों से पीड़ित थे। बुधवार को वह घर की छत पर बने कमरे में गए और अन्दर से कमरा बन्द करके फांसी लगा ली। परिवार के लोग जब वहां गए तो वह फंदे पर लटकते दिखाई दिये। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और विधिक कार्रवाई शुरू कराया। प्रोफेसर के एक भाई दिल्ली में रहते हैं। उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई करने का परिवार के लोगों ने आग्रह किया। जिससे शव उनके आवास पर ही है। उनकी मौत की खबर मिलते ही इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अन्य प्रोफेसर एवं प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गये।

डॉ.संजीव भदौरिया ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से भारत-अमेरिका संबंध (1971-85) पर डॉक्टरेट (डी.फिल) किया था। वह संयुक्त राज्य सूचना एजेंसी (यूएसआईए) के अंतरराष्ट्रीय आगंतुक कार्यक्रम के फेलो थे। वह इविवि द्वारा प्रकाशित नेशनल कांग्रेंस फॉर डिफेंस स्टडीज (छठवें) के सचिव और इंडियन जर्नल ऑफ स्ट्रेटेजिक स्टडीज के एसोसिएट एडिटर रहें हैं। वह अंतरराष्ट्रीय संबंध और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में एक गहरे शोधकर्ता रहे और उन्होंने दो पुस्तकों और राष्ट्रीय सुरक्षा पर एक मोनोग्राफ लिखने के अलावा संपादित पुस्तकों में राष्ट्रीय पत्रिकाओं और अध्यायों में पचास से अधिक लेख लिखे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Captcha loading...