लोकसभा चुनाव: उप्र में कानून व्यवस्था के तहत अब तक आठ लाख से अधिक असलहे जमा

Share this post on:

लखनऊ, (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में अब तक 8,48,990 लाइसेन्सी असलहे जमा कराये गये हैं। इसके अलावा 909 लोगों के शस्त्र लाइसेन्स निरस्त भी किये गये हैं।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल0 वेंकटेश्वर लू ने बुधवार को यहां बताया कि चुनाव के दौरान निरोधात्मक कार्यवाही के तहत अब तक राज्य में 20,87,591 लोगों को पाबन्द किया गया है तथा 27,504 लोगों पर गैर जमानती वारन्ट तामिला कराया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 6520.65 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, 11,892 कारतूस और 4,153 बम बरामद किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान वाहनों, बिना अनुमति मीटिंग, लाउडस्पीकर एवं उत्तेजनात्मक भाषण तथा प्रलोभन आदि के 3284 मामले प्रकाश में आये, जिसमें 1021 प्रकरणों में एफआईआर दर्ज करायी गयी है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पूरे प्रदेश में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में प्रचार सामग्रियों को हटाने के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत अब तक कुल 46,69,819 वाॅल राइटिंग, पोस्टर्स, बैनर्स आदि सार्वजनिक एवं निजी स्थानों से हटा दिये गये हैं या ढक दिये गये हैं।
उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में जिला प्रशासन द्वारा अब तक सार्वजनिक स्थानों से वाॅल राइटिंग के 2,36,208, पोस्टर्स के 19,17,259, बैनर्स के 6,97,053 तथा अन्य मामलों के 9,57,036 प्रचार-प्रसार से सम्बन्धित सामग्रियों को हटा दिया गया है। इसी तरह से निजी स्थानों से वाॅल राइटिंग के 1,07,231, पोस्टर्स के 3,75,343, बैनर्स के 2,23,912 तथा अन्य मामलों के 1,55,777 प्रचार-प्रसार से सम्बन्धित सामग्री हटा दिये गये हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयकर, नारकोटिक्स, पुलिस तथा आबकारी द्वारा की गयी कार्यवाही में अब तक कुल 171.76 करोड़ रुपये की जब्ती की गई है, जिसमें पुलिस एवं आयकर विभाग द्वारा 38.64 करोड़ रूपये की नगदी तथा नारकोटिक्स एवं पुलिस द्वारा कुल 20.76 करोड़ रुपये मूल्य की गांजा, स्मैक, चरस आदि की जब्ती की गई। इसके अलावा 71.37 करोड़ मूल्य की बहुमूल्य धातुएं सोना चाँदी आदि जब्त की गई है। आबकारी विभाग द्वारा 40.99 करोड़ रूपये मूल्य की 14,77,242 लीटर मदिरा जब्त की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Captcha loading...