अखिलेश का भाजपा सरकार पर तंज, कहा-नाबालिग चला रहे देश की गाड़ी

Share this post on:

लखनऊ, 06 सितम्बर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा है कि इस समय नाबालिग लोग बिना बेल्ट के देश की गाड़ी चला रहे हैं। उन्होंने कहा है कि अब जनता इनका चालान काटेगी। 

नये मोटर व्हीकल एक्ट का नाम लिए बगैर अखिलेश यादव ने शुक्रवार को ट्वीट किया, ‘देश की गाड़ी सत्ता के नशे में चूर बिना बेल्ट के वो नाबालिग चला रहे हैं, जिन्हें अपना अहित करने का लाइसेंस जनता ने कभी नहीं दिया। सामाजिक सौहार्द को प्रदूषित करने वाले ऐसे कुचालकों के पास देश के आर्थिक भविष्य का कोई बीमा भी नहीं है। अब जनता इनका चालान काटेगी।’

ट्वीट के बाद अखिलेश ने मीडिया के लिए यही बयान भी जारी किया। उन्होंने कहा कि कामगार वर्ग, गरीब, किसान और नौजवान भाजपा सरकार की अनाड़ी नीति-रीति के चलते सर्वाधिक परेशान है। भाजपा की चिंता में अर्थव्यवस्था सबसे आखिर में है। विकास की गति ठहरी हुई है, उसे गति नहीं मिल रही है। सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर में गिरावट जारी है। रूपया डालर के मुकाबले काफी नीचे गिर गया है।

सपा मुखिया ने कहा कि घरेलू  ट्रैक्टर उद्योग में इस वित्तीय वर्ष के जून महीनें में 32 प्रतिशत की गिरावट पाई गई। ऑटो मोबाइल सेक्टर दम तोड़ने लगा है। कृषि कार्यों में लोगों की असुरक्षा बढ़ी है। भारतीय अर्थव्यवस्था अब सातवें नम्बर पर पहुंच गई है। उन्होंने दावा किया कि मुल्क के हालात 70 सालों में भी इतने बुरे नहीं रहे, जितने आज हैं। 

अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा की केन्द्र सरकार ने देश को आर्थिक अराजकता, मंदी, अपराध और लोकतंत्र के अवमूल्यन की दिशा में ढकेला है तो राज्य सरकार का ढाई वर्ष का पूरा कार्यकाल समाजवादी सरकार की योजनाओं को अपना बताने में ही बीत गया है। भाजपा राज में विकास, तरक्की और रोजगार पर तो ग्रहण लग गया है, पर भ्रष्टाचार को छूट मिल गई है। 

उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों ने भी भारत के बाजार से अगस्त के महीने में लगभग 6000 करोड रूपया और निकाल लिया है। ये हालत दर्शाते हैं कि सिर्फ देश की जनता ही नहीं, विदेशी निवेशक भी भाजपा सरकार में अपना भरोसा खो चुके हैं। उद्योग जगत में छंटनी का दौर चल रहा है। अभी पिछले दिनों पारले बिस्कुट की मुंबई स्थित फैक्ट्री का बंद होना और मारूति गाड़ी के मानेसर प्लांट में शटडाउन होना अर्थव्यवस्था के डूबने का ही सूचक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Captcha loading...